दाऊद का भतीजा रिजवान गिरफ्तार, भागने की कर रहा था कोशिश

मुंबई। मुंबई पुलिस ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के भतीजे रिजवान कासकर को रंगदारी वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया है।
 
एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि दाऊद के भाई इकबाल कासकर के बेटे रिजवान कासकर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बुधवार रात गिरफ्तार किया गया जब वह देश से भागने की कोशिश कर रहा था। इकबाल कासकर पहले से ही रंगदारी वसूली के एक मामले में ठाणे की जेल में बंद है।
 
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले मुंबई पुलिस के रंगदारी वसूली निरोधी प्रकोष्ठ ने इब्राहीम के गिरोह के सदस्य फहीम मचमच के करीबी अहमद रजा वढारिया को जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया।
 
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान रिजवान कासकर का नाम सामने आया। सूचना के आधार पर एक जाल बिछाया गया और बुधवार की रात मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उसे हिरासत में ले लिया गया जब वह देश से भागने की कोशिश कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि विस्तार से पूछताछ करने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।
 
गुजरात के सूरत का निवासी वढारिया दुबई में कथित तौर पर ‘हवाला’ संचालक का काम करता है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गुप्त जानकारी के आधार पर उसे कुछ दिन पहले मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया, जब दुबई से निर्वासित होकर वह सूरत जा रहा था। साथ ही बताया कि वह यहां और सूरत में रंगदारी वसूली रैकेट का हिस्सा था।
 
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह प्रकाश में आया कि वढारिया ने रंगदारी वसूली मामले में मुख्य भूमिका निभाई। वढारिया की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने उससे पूछताछ की और उस समय रिजवान कासकर का नाम अन्य संदिग्धों के नाम के साथ सामने आया जो मुंबई और दुबई में रहता था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी