विवादों में घिरी शाहरुख खान की 'जवान', फिल्म की कहानी कॉपी करने का लगा आरोप

WD Entertainment Desk
रविवार, 6 नवंबर 2022 (11:25 IST)
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान फिल्म 'पठान' से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। बीते दिनों इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, जिसे फैंस का खूब प्यार मिला है। इसके अलावा शाहरुख एटली की पैन इंडिया फिल्म जवान और डंकी में भी नजर आएंगे। 

 
शाहरुख खान बैक टू बैक फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। लेकिन इसी बीच शाहरुख की फिल्म 'जवान' विवादों में फंस गई है। जवान के निर्माताओं पर फिल्म की कहानी को कॉपी करने का आरोप लगा है। 
 
बताया जा रहा है कि जवान की कहानी को तमिल की एक फिल्म से चुराया गया है। इस मामले में फिल्म निर्माता मनिकम नारायणन ने तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल (TFPC) में शिकायत भी दर्ज कराई है। 
 
प्रोड्यूसर का आरोप है कि फिल्म जवान की कहानी साल 2006 में रिलीज हुई उनकी फिल्म पेरारासु की ही तरह है। काउंसिल 7 नवंबर के बाद निर्माता द्वारा दर्ज की गई कथित शिकायत की जांच करेगी। 
 
फिल्म जवान में शाहरुख खान डबल रोल में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ साउथ एक्ट्रेस नयनतारा नजर आने वाली हैं। वहीं विजय सेतुपति फिल्म में विलेन का किरदार निभाएंगे। यह पैन इंडिया फिल्म 2 जून 2023 को रिलीज होगी। 
Edited By : Ankit Piplodiya 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख