पाकिस्तानी फौज वर्तमान समय में एक साथ कई मोर्चों पर पिट रही है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने पाकिस्तान की सेना की नाक में दम कर दिया है। मीडिया खबरों के अनुसार, नंगरहार तथा कुनार प्रांतों में कई पाकिस्तानी चौकियों पर अफगान सेना ने कब्जा कर लिया है।
अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमारा ऑपरेशन आधी रात को खत्म हो गया। अगर पाकिस्तान ने फिर से अफगानिस्तान सीमा का उल्लंघन किया, तो हमारी सेना देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं, पाकिस्तानी गृह मंत्रालय ने भी बयान जारी कर कहा कि अफगानिस्तान को भी भारत की तरह मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, ताकि वह पाकिस्तान की ओर बुरी नजर से देखने की हिम्मत न कर सके। इधर पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया कि उसके गोलाबारी में अफगानिस्तान की 19 चौकियां तबाह कर दी। बहरहाल दोनों ही देशों की सेनाएं सीमा पर अलर्ट नजर आ रही है।
डूरंड लाइन को लेकर क्यों है अफगानिस्तान और पाकिस्तान में विवाद : अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच 2640 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का नाम डूरंड रेखा है। दुनिया की यह सबसे खतरनाक रेखा पश्तून जनजातीय इलाके से होकर दक्षिण में बलूचिस्तान के बीच से होकर गुजरती है और पश्तूनों और बलूचों को दो देशों में बांटती हैं। इसे 1893 में ब्रिटिश इंडिया और एमिरेट्स ऑफ अफगानिस्तान के बीच बनाया गया था। इस बॉर्डर का नाम सर हेनरी डूरंड के नाम पर रखा गया है। अफगानिस्तान इस रेखा को काल्पनिक सीमा मानता है और कभी आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं करता।