हीरों को भी रबर जैसा खींचा या मोड़ा जा सकता है

शनिवार, 21 अप्रैल 2018 (15:14 IST)
बोस्टन। प्रकृति में पाए जाने वाले सभी तत्वों में हीरा सबसे ज्यादा कठोर और मजबूत होता है। इसकी एक खासियत इसकी भंगुरता (जल्द टूटने वाला) भी है यानी इसे खींचा नहीं जा सकता। खींचने के लिए बाहरी बल का इस्तेमाल करने पर यह टूट जाता है।
 
एमआईटी के वैज्ञानिकों ने यह सफलता हासिल की। उल्लेखनीय है कि वैज्ञानिकों ने पहली बार सुई की आकार के हीरे के टुकड़ों को रबर की तरह खींचने में सफलता हासिल की है।
 
वैज्ञानिकों ने पहली बार सुई की आकार के हीरे के टुकड़ों को रबर की तरह खींचने में सफलता हासिल की है। यही नहीं, फैलने के बाद यह बिना टूटे अपने पुराने आकार में लौट आया। मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस खासियत के साथ हीरे के प्रयोग से कई उपयोगी उपकरण बनाए जा सकते हैं।
 
वैज्ञानिक डेनियल बर्नाउली ने कहा, 'सुई की आकार वाले इस हीरे को करीब नौ फीसद तक मोड़ा जा सकता है। जबकि सामान्य हीरे में एक फीसदी से भी कम खिंचाव होता है। हमारे लिए यह सब आश्चर्यजनक था।' शोधकर्ताओं ने केमिकल वेपर डिपोजिशन प्रोसेस का इस्तेमाल कर हीरे को मोड़ा।
 
इस प्रक्रिया का इस्तेमाल उच्च गुणवत्ता वाले ठोस सामान के निर्माण में किया जाता है। हीरे में होने वाले झुकाव को स्कैनिंग इलेक्ट्रॉनिक माइक्रोस्कोप से मापा गया। इलास्टिक की तरह खींचने के बाद हीरे के थर्मल, ऑप्टिकल, चुंबकीय, इलेक्ट्र‍िक, इलेक्ट्रॉनिक और रासायनिक गुणों में बदलाव आता है। इनका इस्तेमाल सेंसर, डाटा संग्रह करने या दवाओं को शरीर में पहुंचाने के लिए बनाए जाने वाले उपकरणों में किया जा सकता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी