सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, पुलिस ने बढ़ाई घर की सुरक्षा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 14 अप्रैल 2024 (07:46 IST)
Salman Khan news in hindi : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर रविवार सुबह गोली चलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है। सलमान खान को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
 
बताया जा रहा है कि सुबह 4.55 बजे बाइक से आए 2 बदमाशों ने बांद्रा इलाके में स्थित ‘गैलेक्सी  अपार्टमेंट्स’ के बाहर गोलियां चलाई। 4 राउंड फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए। इसी इमारत में अभिनेता रहते हैं। गोलीबारी के वक्त सलमान घर पर ही थे।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक विज्ञान विशेषज्ञों की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। सलमान को वाई प्लस सुरक्षा प्राप्त है।
 
उल्लेखनीय है कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे चुका है। पिछले वर्ष मार्च में अभिनेता के दफ्तर को एक ई-मेल भेजकर खान को धमकी दी गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

58 वर्षीय सलमान खान 1988 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उनकी 7 फिल्में 100 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार कर चुकी है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी