Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR (Delhi-NCR) में गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। उत्तरप्रदेश, बिहार और राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने किसानों को फसलों की सुरक्षा की सलाह दी है। उत्तरप्रदेश में 20 मार्च से बारिश शुरू हो सकती है। बिहार में 22 और 23 मार्च को तेज बारिश (rain) और ओलावृष्टि (hailstorm) की संभावना है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री : दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है। बुधवार सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 71 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन तेज हवाएं चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। इसका मतलब है कि हवा की गुणवत्ता ठीक नहीं है।
आज गुरुवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज गुरुवार, 20 मार्च को अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। केरल, आंतरिक तमिलनाडु, कर्नाटक के दक्षिणी तट, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
19 और 20 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। 20 मार्च को पूर्वी मध्यप्रदेश, दक्षिण बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ सकते हैं। 21 मार्च तक गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तरी ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्यप्रदेश, दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश और दक्षिण बिहार में बारिश की गतिविधियां होंगी।(Photo courtesy: IMD)