Manjinder Singh Sirsa: दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजौरी गार्डन सीट से विधायक (MLA from Rajouri Garden) चुने गए भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा को दिल्ली में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। हालांकि सिरसा का नाम चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए भी चल रहा था। सिरसा ने विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार धनवंती चंदेला को 18 हजार से भी ज्यादा मतों से हराया था। सिरसा को 64 हजार 132 वोट मिले थे, जबकि चंदेला को 45 हजार 942 वोट मिले।
क्यों थे सीएम पद के दावेदार : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को पटखनी देते हुए 48 सीटों पर जीत हासिल की है। अन्य नामों की तरह सिरसा को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था। सिरसा सिख समुदाय से आते हैं और दिल्ली में भी सिख और पंजाबी समुदाय के लोगों की संख्या काफी है। इसके साथ ही पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि सिरसा के मंत्री बनने से भी पार्टी की सिख समुदाय में पकड़ मजबूत होगी। सिरसा पंजाब चुनाव में भाजपा के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।